भाजपा सांसद कंगना रनौत और योग गुरु बाबा रामदेव के बीच बयानबाजी का विवाद लगातार चर्चा में बना हुआ है। जंतर-मंतर पर हुए सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर कंगना की जेन-जी पर की गई जेनरेशन गटर टिप्पणी से शुरू हुआ मामला अब व्यक्तिगत आरोपों और तीखी प्रतिक्रियाओं तक पहुंच गया है।
बाबा रामदेव की टिप्पणी पर कंगना ने सोशल मीडिया के जरिए कड़ा जवाब दिया था। इसके बाद रविवार को हरिद्वार में जब रामदेव से इस पूरे विवाद को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने आगे टिप्पणी करने से परहेज किया।
रामदेव बोले, अब इस मुद्दे पर नहीं करूंगा टिप्पणी
हरिद्वार में मीडिया के सवालों पर बाबा रामदेव ने संकेत दिया कि वह इस विवाद को आगे नहीं बढ़ाना चाहते। उन्होंने कहा कि वह कौन हैं और उनके बारे में देश क्या जानता है, इस पर उन्हें अलग से सफाई देने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि वह ओछे लोगों पर टिप्पणी नहीं करना चाहते। उनके इस बयान को विवाद से दूरी बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
पहले कंगना की टिप्पणी पर रामदेव ने जताई थी नाराजगी
विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब कंगना रनौत ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन को लेकर टिप्पणी की थी। प्रदर्शन में शामिल जेन-जी को लेकर उनके जेनरेशन गटर वाले बयान पर बाबा रामदेव ने आपत्ति जताई थी।
रामदेव ने कंगना की भाषा और टिप्पणी पर सवाल उठाते हुए कहा था कि किसी को गटर कहना बिगड़ी मानसिकता का संकेत है। उन्होंने कंगना के निजी जीवन और अतीत को लेकर भी टिप्पणी की, जिसके बाद मामला और अधिक विवादित हो गया।
कंगना ने निजी टिप्पणी पर दिया तीखा जवाब
बाबा रामदेव के बयान के बाद कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए पलटवार किया। उन्होंने रामदेव से उनकी जवानी और बेडरूम को लेकर दिन में सपने न देखने की बात कही।
कंगना ने आगे संकेतों में रामदेव के व्यावसायिक उत्पादों और चिकित्सा संबंधी दावों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों का जिक्र करते हुए रामदेव के कारोबार पर निशाना साधा।
क्या अब थमेगी जुबानी जंग?
बाबा रामदेव के ताजा रुख से माना जा रहा है कि वह इस विवाद को आगे नहीं बढ़ाना चाहते। हालांकि, कंगना रनौत की ओर से आगे कोई नई प्रतिक्रिया आती है या नहीं, इस पर नजर रहेगी।
फिलहाल, जेनरेशन गटर वाली टिप्पणी से शुरू हुआ यह विवाद दोनों पक्षों के बीच तीखी व्यक्तिगत बयानबाजी तक पहुंच चुका है।

