बालोद। बालोद जिले के दल्ली राजहरा में सीवरेज पाइप लाइन निर्माण कार्य के दौरान हुए दर्दनाक हादसे के बाद बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। गड्ढे में दबने से तीन मजदूरों की मौत के मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में अधीन संचालित भिलाई इस्पात संयंत्र के दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है, जबकि पुलिस भी पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार दल्ली राजहरा क्षेत्र में सीवरेज पाइप लाइन डालने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान गहरे गड्ढे में काम कर रहे मजदूर अचानक मिट्टी धंसने से उसके नीचे दब गए। हादसा इतना भयावह था कि तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मजदूरों के परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रबंधन ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए बीएसपी के डीजीएम मंगेश सेलकर और एजीएम सिविल रमेश कुमार को निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों अधिकारियों पर कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी और निगरानी में लापरवाही बरतने के आरोप लगे हैं। अधिकारियों के निलंबन के बाद यह संकेत मिल रहा है कि प्रबंधन मामले को गंभीरता से ले रहा है।

