जब फार्ट से तेज बदबू आती है, तब यह कई बार शर्मिंदगी का कारण बन जाता है। इस बदबू का मुख्य कारण डाइजेस्टिव सिस्टम में बनने वाले सल्फर से भरपूर तत्व होते हैं। दवाइयों की ओर रूख करने से पहले अपनी रसोई में झांकें। आयुर्वेद हमें सिखाता है कि डाइजेशन से जुड़ी समस्याएं हमारे रोजमर्रा के साधारण मसालों से ठीक होती हैं। इनके बारे में हमें आयुर्वेदिक डॉक्टर दीक्षा भावसार दे रही हैं। डॉक्टर दीक्षा, आयुर्वेदिक प्रोडक्ट्स ब्रांड द कदंब ट्री की फाउंडर और BAMS (Bachelor of Ayurveda Medicine) हैं।
एक्सपर्ट का कहना है कि ये 5 किचन हर्ब्स आपके डाइजेशन को धीरे से सुधारते हैं, गैस और ब्लोटिंग को कम करते हैं और आंतों के स्वास्थ्य को मजबूत बनाते हैं। आइए इनके बारे में विस्तार से जानते हैं।
अजवाइन (Carom Seeds)- गैस का रामबाण इलाज
सदियों से अजवाइन का इस्तेमाल पेट की समसयाओं को दूर करने के लिए किया जा रहा है। यह फंसी हुई गैस से तुरंत राहत दिलाती है और पेट की बेचैनी को दूर करती है। इसके गुण पेट में एसिड के लेवल को बैलेंस करते हैं।
इस्तेमाल का तरीका
भोजन के बाद आधा चम्मच अजवाइन में चुटकी भर सेंधा नमक मिलाकर चबाएं या अजवाइन को पानी में उबालकर इस पानी को पिएं।
जीरा (Cumin Seeds)- ब्लोटिंग को करता है कंट्रोल
जीरा सिर्फ स्वाद नहीं बढ़ाता, बल्कि डाइजेशन को भी सही रखता है। इससे ब्लोटिंग की समस्या कम होती है और भोजन का अवशोषण अच्छी तरह होता है।
इस्तेमाल का तरीका
सुबह खाली पेट जीरा पानी (उबालकर या भिगोकर) पिएं या इसे दाल और सब्जियों में जरूर शामिल करें।
मेथी (Fenugreek Seeds)- कब्ज का समाधान
मेथी के बीज सर्दियों में डाइजेशन को एक्टिव रखने के लिए जरूरी हैं। यह कब्ज और आंतों की सुस्ती को दूर करते हैं, जिससे डाइजेशन सही रहता है और बदबूदार गैस बनने का खतरा कम होता है।
इस्तेमाल का तरीका
1 चम्मच मेथी को रात भर पानी में भिगो दें। सुबह उठकर इस मेथी को चबाकर खाएं और पानी पिएं।
धनिया के बीज (Coriander Seeds)- पेट को ठंडक और शांति
धनिया के बीज पेट की गर्मी और सूजन को शांत करते हैं। यह पेट को ठंडक देते हैं और बदबूदार गैस का कारण बनने वाली सूजन को कम करते है।
इस्तेमाल का तरीका
दिन में एक बार धनिया के बीज का पानी (धनिया को उबालकर ठंडा किया हुआ पानी) पिएं।
इलायची (Cardamom)- डाइजेशन रहता है ठीक
इलायची अपने खुशबूदार और डाइजेशन को बैलेंस करने वाले गुणों के लिए जानी जाती है। यह सांसों को ताजा करने के साथ-साथ डाइजेशन को सही रखती है, जिससे फार्ट की बदबू कम करने में मदद मिलती है।
इस्तेमाल का तरीका
भोजन के बाद 1 इलायची चबाएं या इसे पानी, चाय या दूध में मिलाकर लें।
जी हां, भोजन ही दवा है और आपकी रसोई ही आपका दवाखाना है। अगर आप भी गैस, ब्लोटिंग या डाइजेशन में गड़बड़ी से लगातार जूझ रही हैं? अगर हां, तो इन 5 मसालों को आज ही अपनी डाइट में शामिल करें।