नई दिल्ली। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में अभिनेता राजकुमार राव की चर्चित फिल्म ‘श्रीकांत’ ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उद्योगपति श्रीकांत बोला के प्रेरणादायक जीवन पर आधारित इस फिल्म को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
संघर्ष और सफलता की कहानी ने जीता दिल
फिल्म का निर्देशन तुषार हीरानंदानी ने किया है। इसमें राजकुमार राव ने दृष्टिबाधित उद्योगपति श्रीकांत बोला का किरदार निभाया है। विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए सफलता की नई इबारत लिखने वाले श्रीकांत बोला की कहानी को फिल्म में प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
दर्शकों और समीक्षकों ने की सराहना
रिलीज के बाद ‘श्रीकांत’ को दर्शकों के साथ-साथ फिल्म समीक्षकों से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। राजकुमार राव के सशक्त अभिनय, संवेदनशील निर्देशन और प्रेरक कहानी ने फिल्म को खास पहचान दिलाई। अब राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलने के बाद यह उपलब्धि फिल्म की सफलता में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ती है।

