लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक निजी स्कूल में छोटे बच्चे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। ALS एकेडमी स्कूल में नर्सरी कक्षा के 5 साल के बच्चे को उसकी क्लास मॉनिटर ने कथित रूप से करीब 2 मिनट तक पीटा।पूरी घटना क्लासरूम में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों की निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
टीचर के बाहर जाते ही शुरू हुई मारपीट
CCTV फुटेज के अनुसार, कक्षा में करीब 18 बच्चे मौजूद थे। टीचर ने बच्चों को सिर नीचे करके बैठने के लिए कहा और इसके बाद क्लास की जिम्मेदारी मॉनिटर को देकर बाहर चली गईं।टीचर के जाते ही मॉनिटर ने बच्चों पर सख्ती शुरू कर दी। कुछ बच्चों के सिर उठाने पर वह उन्हें मारने लगी।इसी दौरान जब 5 साल के बच्चे ने कुछ पल के लिए सिर ऊपर किया तो मॉनिटर उसकी सीट के पास पहुंच गई।
बच्चे को थप्पड़ मारकर डेस्क पर दबाया
आरोप है कि मॉनिटर ने बच्चे को कई बार थप्पड़ मारे और उसका सिर जबरदस्ती डेस्क पर दबाने की कोशिश की।बच्चा डर के कारण रोने लगा, लेकिन इसके बाद भी उसके साथ मारपीट जारी रही। घबराया बच्चा उठकर क्लास से बाहर जाने की कोशिश करने लगा।बताया जा रहा है कि मॉनिटर ने उसे रोक लिया, घसीटकर वापस सीट पर ले गई और दोबारा मारपीट की। इसके बाद उसने दरवाजा बंद कर दिया ताकि बच्चा बाहर न जा सके।
घर पहुंचने पर सामने आई घटना
करीब 10 मिनट बाद जब टीचर वापस कक्षा में आईं तो बच्चे ने रोते हुए पूरी घटना के बारे में बताया।परिजनों के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद बच्चे के चेहरे पर सूजन और चोट के निशान दिखाई दिए। इसके बाद माता-पिता स्कूल पहुंचे और CCTV फुटेज देखकर पूरी घटना की जानकारी ली।
स्कूल ने मॉनिटर को हटाया
मामला सामने आने के बाद स्कूल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संबंधित छात्रा को क्लास मॉनिटर के पद से हटा दिया है।बच्चे के माता-पिता ने इस घटना पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि इतनी कम उम्र के बच्चे के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद गंभीर मामला है।उन्होंने स्कूल में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।

