Swara Bhasker Faces Backlash: अभिनेत्री स्वरा भास्कर एक बार फिर अपने पुराने बयान को लेकर सोशल मीडिया चर्चा के केंद्र में हैं। राम मंदिर मामले में सुप्रीम कोर्ट के 2019 के फैसले को लेकर दिया गया उनका एक वीडियो दोबारा वायरल हो रहा है। इस वीडियो में अभिनेत्री ने बताया कि फैसले के बाद उन्होंने अपने मुस्लिम दोस्तों को संदेश भेजकर माफी मांगी थी।
स्वरा के इस बयान पर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यूजर्स उनके बयान की आलोचना कर रहे हैं, जबकि उनके समर्थकों का कहना है कि उन्हें अपनी राय रखने का अधिकार है।
फैसले के बाद मुस्लिम दोस्तों को मैसेज करने का किया दावा
वायरल वीडियो में स्वरा भास्कर ने कहा कि अयोध्या मामले पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद वह काफी दुखी थीं। उन्होंने बताया कि उन्हें यह निर्णय उचित नहीं लगा और उस समय उनके मन में देश को लेकर कई सवाल उठे।
स्वरा के मुताबिक, फैसले के बाद उन्होंने अपनी फोन कॉन्टैक्ट लिस्ट में मौजूद मुस्लिम दोस्तों को संदेश भेजे और उनसे माफी मांगी। उन्होंने इस दौरान सलमान खान, शाहरुख खान, आमिर खान और अपने पति फहाद अहमद समेत अन्य लोगों का जिक्र किया।
अभिनेत्री ने यह भी कहा था कि वह फैसले से सहमत नहीं थीं और उस समय उन्हें इस बात को लेकर शर्मिंदगी महसूस हुई थी।
वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का दौर
स्वरा भास्कर का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई। कई यूजर्स ने उनके बयान पर आपत्ति जताई और कुछ लोगों ने उस पॉडकास्ट में उन्हें आमंत्रित किए जाने पर भी सवाल उठाए।
वहीं, दूसरी ओर उनके समर्थकों की ओर से यह तर्क दिया गया कि किसी भी व्यक्ति को न्यायिक फैसले या किसी अन्य सार्वजनिक मुद्दे पर अपनी व्यक्तिगत राय रखने का अधिकार है।
2019 के फैसले के बाद भी स्वरा ने रखी थी अपनी राय
यह बयान अयोध्या भूमि विवाद पर नवंबर 2019 में आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले से जुड़ा है। अदालत ने विवादित भूमि पर राम मंदिर निर्माण के लिए हिंदू पक्ष के पक्ष में फैसला दिया था और मुस्लिम पक्ष के लिए अयोध्या में ही पांच एकड़ वैकल्पिक जमीन देने का निर्देश दिया था।
फैसले के समय भी स्वरा भास्कर ने सार्वजनिक रूप से अपनी असहमति जाहिर की थी। अब उनके उसी दौर के बयान का वीडियो दोबारा चर्चा में आने के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।

