रायपुर। अवैध नशे के कारोबार पर कार्रवाई के बाद रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने जब्त किए गए मादक पदार्थों को नष्ट करने की बड़ी प्रक्रिया पूरी की है। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की तय प्रक्रिया के तहत नॉर्थ, सेंट्रल और वेस्ट जोन के कुल 77 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त नशीले पदार्थों को औद्योगिक भट्ठी में जलाकर नष्ट किया गया। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई में नष्ट किए गए गांजे की मात्रा 438.764 किलोग्राम रही, जिसकी अनुमानित कीमत 2.15 करोड़ रुपये से अधिक है।
पुलिस के अनुसार, पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में कराई गई। नशे के सामान के नष्टीकरण के दौरान निर्धारित प्रक्रिया के साथ सुरक्षा मानकों का भी पालन किया गया।
सेंट्रल जोन के 37 मामलों में जब्त नशे का नष्टीकरण
सेंट्रल जोन के 37 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त सामग्री को नष्ट किया गया। इनमें 143.895 किलोग्राम गांजा, 2,349 नशीली गोलियां, 9 सिरप और 228 कैप्सूल शामिल थे।
नॉर्थ जोन में गांजा, हशीश और अफीम भी नष्ट
नॉर्थ जोन के 19 प्रकरणों में पुलिस ने 86.950 किलोग्राम गांजा, 1.015 किलोग्राम हशीश, 19,794 नशीली गोलियां, 294 खांसी की दवा, 900 ग्राम अफीम और 647 कैप्सूल का नष्टीकरण कराया।
वेस्ट जोन के 21 मामलों में 207 किलो से ज्यादा गांजा
वेस्ट जोन के 21 प्रकरणों में 207.919 किलोग्राम गांजा, 7.795 किलोग्राम डोडा और 3,630 नशीली गोलियां नष्ट की गईं।
तीनों जोन में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों का डिस्पोजल
तीनों जोन की संयुक्त कार्रवाई में 438.764 किलोग्राम गांजे के अलावा 7.795 किलोग्राम डोडा, 1.015 किलोग्राम हशीश और 900 ग्राम अफीम नष्ट की गई। इसके साथ ही 25,773 नशीली गोलियां, 875 कैप्सूल और अन्य जब्त मादक पदार्थों का भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्टीकरण किया गया।

