नई दिल्ली । देश के कई शहर हीटवेव की चपेट में हैंज्यादातर हिस्सों में तापमान 40-46°C के बीच है। मध्य प्रदेश के देवास में गर्मी से बचने के लिए 20 कूलर के साथ बारात निकाली गई।
राजस्थान के धौलपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के एक जनरल कोच के निचले हिस्से में आग लग गई। रेलवे के सूत्रों के मुताबिक, गर्मी के कारण ब्रेक पैडल वाले हिस्से में आग लगी थी।
मंगलवार को यूपी का बांदा 45.6°C तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। ओडिशा के झारसुगुड़ा में 45.3°C से ज्यादा तापमान रहा। यहां लू सेंटर बनाए जा रहे हैं, जहां ठंडा पानी और ग्लूकोज का इंतजाम होगा।
यूपी के 15 शहरों में आंधी-बारिश हुई। प्रयागराज और आगरा समेत 6 जिलों में बुधवार को ओले गिरे। इससे पहले मंगलवार को प्रयागराज में गर्मी और लू को देखते हुए जगह-जगह वाटर ATM लगाए गए।
IMD के मुताबिक आज 17 राज्यों में भी आंधी-बारिश हो सकती है। यूपी, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में 60kmph की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है।

