बिलासपुर। बिलासपुर जिले में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब कोयला लेकर जा रही एक मालगाड़ी के वैगन में अचानक आग लग गई। घटना बिलासपुर रेल मंडल के गतौरा स्टेशन के पास की बताई जा रही है। आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और दमकल विभाग में हड़कंप मच गया। तत्काल मालगाड़ी को रोककर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार मालगाड़ी बिलासपुर की दिशा में आ रही थी और उसमें कोयले से भरे कई वैगन जुड़े हुए थे। इसी दौरान गतौरा स्टेशन के पास एक वैगन से धुआं निकलता दिखाई दिया।
रेलवे कर्मचारियों ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तुरंत इसकी सूचना कंट्रोल रूम और दमकल विभाग को दी। एहतियात के तौर पर ट्रेन को स्टेशन के पास ही रोक दिया गया, ताकि आग अन्य वैगनों तक न फैल सके।

