रायपुर। छत्तीसगढ़ में युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसके लिए अभी से दावेदार सक्रिय हो गए हैं, लेकिन इस बार उनकी राह आसान नहीं होगी। दरअसल, युवा कांग्रेस के चुनाव में वो ही लोग मतदान करेंगे, जो सदस्य है। इसके लिए चुनाव के साथ सदस्यता अभियान भी चलेगा। इस पर सदस्य बनाने के लिए 50 की जगह 75 रुपए का शुल्क लिया जाएगा। राजस्थान में भी इसी सदस्यता शुल्क के हिसाब से युवा कांग्रेस के चुनाव हुए हैं। इसका मतलब साफ है कि चुनाव जीतने के लिए दावेदारों को मोटी रकम खर्च करनी होगी।
दिल्ली से आएगी विशेष टीम
छत्तीसगढ़ में युवा कांग्रेस चुनाव के लिए दिल्ली से विशेष टीम आएगी। यह टीम 24 मई को राजधानी में पत्रकारवार्ता लेकर युवा कांग्रेस के चुनाव को लेकर अपनी जानकारी साझा करेगी। इसे साफ हो रहा है कि युवा कांग्रेस के नए पदाधिकारियों का चुनाव जून-जुलाई के बीच हो सकता है। चुनावी प्रक्रिया में करीब एक महीने का समय लगेगा। चुनाव से पहले युवा कांग्रेस की वर्तमान कार्यकारिणी को भंग किया जाएगा, ताकि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो सके। बता दें कि पिछली बार युवा कांग्रेस के चुनाव में 17 लाख सदस्य बनाए गए थे। इनमें से छंटाई के बाद 15 लाख सदस्य रह गए थे। इनमें करीब 11 लाख सदस्यों ने मतदान किया था।
दावेदारों की क्षमता परखेगी दिल्ली की टीम
युवा कांग्रेस चुनाव में कोई भी व्यक्ति प्रत्याशी नहीं बन सकेगा। इसके लिए दिल्ली से आने वाली टीम सभी जिलों में बैठक लेगी। इसके अलावा दावेदारों से वन-टू-वन चर्चा कर उनके कामकाज का आकलन करेगी। इसके आधार पर उन्हें चुनाव लड़ने की अनुमति दी जाएगी। बता दें कि इससे पहले हुए चुनाव में जिलाध्यक्षों के साथ इंटरव्यू अनिवार्य नहीं था। इसका चुनाव कोई भी लड़ सकता था। अब चुनाव लड़ने से पहले उन्हें अपने कामों को बताना होगा।
पहली बार ब्लॉक अध्यक्ष का भी चुनाव
इस बार युवा कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष का चयन भी चुनाव के जरिए ही होगा। चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष के साथ महासचिव, जिलाध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष के लिए मतदान होगा। इससे पहले ब्लॉक अध्यक्षों का चुनाव नहीं होता था।

