रायपुर। कोरोना महामारी के बाद अब इबोला वायरस को लेकर दुनिया भर में सतर्कता बढ़ा दी गई है। अफ्रीकी देशों में तेजी से फैल रहे संक्रमण को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ ने इबोला संक्रमण की रोकथाम और संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आदेश में रायपुर एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य जांच और स्क्रीनिंग व्यवस्था को सख्ती से लागू करने कहा गया है। साथ ही संदिग्ध मरीजों की पहचान कर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने और जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं के अंतर्गत एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) द्वारा जारी पत्र में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रायपुर को एयरपोर्ट परिसर में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। यह अधिकारी एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य जांच, स्क्रीनिंग और संदिग्ध मामलों की मॉनिटरिंग का समन्वय करेगा। निर्देशों में कहा गया है कि विदेशों से आने वाले यात्रियों पर विशेष नजर रखी जाए और यदि किसी यात्री में संक्रमण जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत आवश्यक स्वास्थ्य प्रोटोकॉल अपनाए जाएं।
कांगो और युगांडा में बढ़े मामले, दुनिया भर में सतर्कता
जानकारी के अनुसार कांगो और युगांडा में इबोला संक्रमण के मामलों में तेजी आने के बाद विश्व स्तर पर चिंता बढ़ गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) पहले ही इबोला को अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित कर चुका है। इसी को देखते हुए भारत सहित कई देशों में एयरपोर्ट और स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है।


