किराए पर दे दिया पीएम आवास योजना का फ्लैट, फिर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण, गरजा प्रशासन का पीला पंजा

छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि यहां कुछ लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाकर उन्हें किराए पर लगा दिया और फिर दूसरी जगह सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर लिया. सोमवार को नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए 7 अवैध मकान पर बुलडोजर चलाकर ढहा दिया. नगर निगम द्वारा मकान मालिक को अतिक्रमण हटाने के लिए एक महीने पहले नोटिस दिया था, लेकिन मकान मालिक ने नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया. जिसके बाद टीम ने कार्रवाई की है.

प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान को किराए पर लगाया

नगर निगम अतिक्रमण दस्ता के सदस्य गणेश तिवारी ने बताया, “काली बाड़ी मंदिर के सामने 8 से 10 मकान शासकीय जमीन पर बनाकर लोग रहते थे. इनमें से दो लोग ऐसे थे जिन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेकर नगर निगम के द्वारा बनाए गए मकानों को भी लिया था, लेकिन उन्हें किराए पर लगाकर खुद सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर रह रहे थे.”

नगर निगम ने सोनपुर में बनाया 1131 मकान

प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत छिंदवाड़ा नगर निगम ने सोनपुर में 1131 फ्लैट बनाकर हितग्राहियों को बेचे थे, जिसमें 2 लाख 67 हजार सब्सिडी दी गई. इसके अलावा गरीबों को ढाई लाख रुपए का लोन भी दिया गया था. अधिकतर लोगों ने पीएम आवास योजना का मकान खरीदा है, लेकिन कई ऐसे लोग हैं जो मकान खरीदने के बाद उसे किराए से संचालित कर रहे हैं और खुद सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करके रह रहे हैं.

नगर निगम कमिश्नर सीपी राय ने बताया, “शहर में अधिकतर इलाकों में लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है जिसकी लगातार शिकायत मिल रही थी. जांच के बाद उन्हें नगर निगम के द्वारा नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देशित किया गया है लेकिन इसके बावजूद लोग अतिक्रमण नहीं हटा रहे हैं. इसलिए नगर निगम की टीम को अतिक्रमण हटाना पड़ रहा है. बाजारों में भी दुकान के सामने लोगों ने छज्जे और सामान फैलाकर अतिक्रमण करते हैं. ऐसे बाजारों में भी जाकर नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटा रही है.”

Leave a Comment