नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ अब एक बड़े विवाद का रूप ले चुकी है। इसके संस्थापक अभिजीत दिपके ने दावा किया है कि उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं। दिपके का कहना है कि कुछ लोग उनके घर तक पहुंच गए हैं और परिवार को डराने की कोशिश की जा रही है।
30 वर्षीय अभिजीत दिपके फिलहाल अमेरिका के बोस्टन में हैं, जहां वह पब्लिक रिलेशंस की पढाई कर रहे हैं। उनका परिवार महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में रहता है। दिपके ने कहा कि जो फैसला उन्होंने लिया, उसकी सजा उनके परिवार को नहीं मिलनी चाहिए।
घर के बाहर पहुंचने की धमकी दी गई
दिपके ने दावा किया कि उन्हें हाल ही में एक वीडियो मिला, जिसमें एक व्यक्ति खुद को उनके घर के बाहर बताते हुए धमकी देता दिखाई दिया। उन्होंने कहा, “मैं नहीं चाहता कि मेरे परिवार के साथ कुछ हो। यह फैसला मैंने लिया है, उन्होंने नहीं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को सिर्फ अपनी राय रखने के कारण इस तरह निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
कैसे शुरू हुआ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ विवाद
पूरा विवाद 15 मई को सुप्रीम कोर्ट में हुई एक टिप्पणी के बाद शुरू हुआ। सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कुछ लोगों को ‘समाज के परजीवी’ और ‘कॉकरोच’ जैसे शब्दों से संबोधित किया था। इस बयान पर सोशल मीडिया में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। बाद में मुख्य न्यायाधीश ने सफाई देते हुए कहा कि उनका बयान देश के युवाओं के खिलाफ नहीं था, बल्कि फर्जी डिग्री लेकर पेशों में आने वाले लोगों को लेकर था। इसी के बाद अभिजीत दिपके ने व्यंग्य के तौर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से एक प्लेटफॉर्म शुरू किया, जिसने कुछ ही दिनों में सोशल मीडिया पर बड़ी लोकप्रियता हासिल कर ली।

