बालोद। दल्लीराजहरा-रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन परियोजना के पहले चरण में दल्लीराजहरा से रावघाट के बीच 95 किमी की रेललाइन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। रेलवे के अनुसार इस वर्ष अक्टूबर तक ताड़ोकी से रायपुर चलने वाली यात्री ट्रेन का विस्तार रावघाट तक किया जा सकता है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
बुधवार को अधिकारियों की उपस्थिति में रेल इंजन दौड़ाकर नव-निर्मित रेलपथ की गहन जांच की गई। सुरक्षा और तकनीकी मानकों की पुष्टि के लिए आगामी तीन माह में ऐसे परीक्षण लगातार जारी रहेंगे। रायपुर रेलमंडल के सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर अवधेश कुमार त्रिवेदी के अनुसार रावघाट तक रेलपटरी बिछाने का कार्य पूर्ण हो चुका है।
जगदलपुर से जुड़ेगा रेल कनेक्शन
बस्तर से नक्सल खात्मे के बाद अब और तेजी से रेल विस्तार कार्य किया जाएगा। दल्लीराजहरा माइंस के बाद अब रावघाट से भिलाई स्टील प्लांट में कच्चा लोहा सीधे ट्रेन से आएगा। बस्तर जगदलपुर से रायपुर तक ट्रेन चलेगी। जिससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। भविष्य में यहां दोहरी रेल लाइन बिछाई सकती है।

