रायपुर। देश में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफरा तफरी मची हुई है। साथ ही छत्तीसगढ़ में भी राजनीतिक माहौल गरमा गया है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष किया है। उनके बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
एक्स पोस्ट में लिखा

भूपेश बघेल ने अपने एक्स पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए IPL इंडियन प्रीमियर लीग यानी Indian Premier League को तुरंत बंद करने का सुझाव दिया। उन्होंने तंज भरे अंदाज में लिखा कि ऐसा करने से हजारों लोगों की स्टेडियम तक आवाजाही बंद हो जाएगी, जिससे बड़ी मात्रा में ईंधन की बचत होगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि आईपीएल बंद होने से विदेशी खिलाड़ियों को डॉलर में होने वाला भुगतान भी रुक जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने सट्टेबाजी के मुद्दे को भी जोड़ते हुए लिखा कि इससे सट्टा भी बंद होगा और “संघ के कार्यकर्ता भी सटोरिए बनने से रुकेंगे।” पोस्ट के अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री से सवालिया अंदाज में लिखा – “करना चाहेंगे सर?”
भूपेश बघेल के इस बयान को भाजपा पर सीधा राजनीतिक हमला माना जा रहा है। खासतौर पर ऐसे समय में जब देशभर में ईंधन आपूर्ति और पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठा रही है, जबकि भाजपा विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगा रही है।

