Hormuz Strait Attack: होर्मुज जलडमरूमध्य के पास संयुक्त अरब अमीरात के झंडे वाले दो तेल टैंकरों पर हुए मिसाइल हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य चालक दल के सदस्य घायल हो गए। यूएई रक्षा मंत्रालय ने इस घटना की पुष्टि करते हुए हमले के लिए ईरानी क्रूज मिसाइलों को जिम्मेदार बताया है।
दो टैंकर बने निशाना
रक्षा मंत्रालय के अनुसार ओमान के समुद्री क्षेत्र में होर्मुज जलडमरूमध्य की दक्षिणी लेन से गुजर रहे ‘मोम्बासा’ और ‘बाहिया’ नामक टैंकरों को निशाना बनाया गया। हमले के बाद दोनों जहाजों में आग लग गई, हालांकि बाद में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
एक भारतीय की मौत, कई घायल
मंत्रालय ने बताया कि टैंकर ‘मोम्बासा’ के चालक दल के एक भारतीय सदस्य की हमले में मौत हो गई। वहीं आठ अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई गई है।
यूएई ने जताया कड़ा विरोध
यूएई सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया है। सरकार ने कहा कि देश अपनी संप्रभुता, नागरिकों और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए आवश्यक सभी कदम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखता है।
हाई अलर्ट पर सुरक्षा बल
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यूएई के सशस्त्र बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह तैयार हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
ईरान ने पहले दी थी चेतावनी
यह घटनाक्रम उस दावे के बाद सामने आया है जिसमें ईरान ने कहा था कि उसके रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे दो जहाजों को कथित अवैध आवाजाही के कारण चेतावनी स्वरूप निशाना बनाया था। ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार जहाजों को रोकने के लिए चेतावनी फायरिंग की गई थी।

