भोपाल : – मध्य प्रदेश में 12वीं की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सरकार की शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत प्रदेश के 7,400 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूटी दी गई। योजना का लाभ उन विद्यार्थियों को मिला, जिन्होंने पहली कोशिश में 70 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल कर अपने स्कूल में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। सरकार की ओर से इस पहल को विद्यार्थियों की मेहनत को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधा देने से जोड़कर देखा गया।
समारोह में स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि मेहनत से हासिल की गई सफलता न केवल छात्रों बल्कि उनके परिवारों के लिए भी गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्कूटी मिलने से विद्यार्थियों को पढ़ाई और रोजमर्रा के आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने युवाओं की बदलती सोच का जिक्र करते हुए कहा कि अब नई पीढ़ी रोजगार तलाशने के साथ खुद के स्टार्टअप और कारोबार शुरू करने के विकल्पों पर भी विचार कर रही है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने MP की शिक्षा व्यवस्था और सरकार के बजट का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग के लिए बजट बढ़कर करीब 38 हजार करोड़ रुपये हो गया है। सीएम ने दावा किया कि सरकारी स्कूलों में सुविधाएं बढ़ने से शिक्षा के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है। संबोधन के दौरान उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए देश की आर्थिक और बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े बदलावों पर भी अपनी बात रखी।

