प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर मध्य प्रदेश में कई कार्यक्रमों के साथ एक अहम योजना की शुरुआत होने जा रही है। 17 सितंबर से प्रदेश सरकार सेवा संकल्प अभियान शुरू करेगी। इसी कड़ी में इंदौर से स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना 2026 का शुभारंभ किया जाएगा। योजना का उद्देश्य ग्रामीण आबादी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को उनकी जमीन से संबंधित अधिकारों का दस्तावेज उपलब्ध कराना है।
ग्रामीणों को रजिस्ट्री के लिए नहीं देना होगा शुल्क
योजना के तहत आबादी भूमि पर रहने वाले पात्र लोगों की जमीन की रजिस्ट्री निशुल्क कराई जाएगी। इसके लिए लाभार्थियों से स्टांप ड्यूटी और पंजीयन शुल्क नहीं लिया जाएगा। सरकार ने इस पूरी प्रक्रिया के लिए करीब 3,800 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
प्रदेश में योजना के तहत 68.11 लाख पट्टे स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 48.32 लाख पट्टे निजी लोगों से संबंधित हैं, जबकि 19.79 लाख संपत्तियां संस्थागत और सरकारी श्रेणी में आती हैं। राजधानी भोपाल में करीब 42,195 हितग्राहियों को इसका लाभ मिलने का अनुमान है।
इंदौर से होगा योजना का शुभारंभ
स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना 2026 का औपचारिक शुभारंभ इंदौर में किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद वे मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ उज्जैन पहुंचेंगे, जहां शिप्रा नदी के तट पर आयोजित आरती और दीपोत्सव में शामिल होंगे।
उज्जैन में एक साथ जलेंगे लाखों दीप
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उज्जैन के रामघाट पर विशेष दीपोत्सव का आयोजन किया गया है। यह आयोजन सेवा संकल्प अभियान के तहत होगा। कार्यक्रम के दौरान करीब 25 लाख से अधिक दीप जलाने की तैयारी है। तय कार्यक्रम के अनुसार इन दीपों को कुछ ही मिनटों के भीतर प्रज्वलित किया जाएगा।
सीएम मोहन यादव ने पीएम मोदी के कार्यकाल को लेकर कही यह बात
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कार्यक्रम को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में गुजरात से लेकर देश तक विकास और बदलाव की दिशा में कई महत्वपूर्ण परिवर्तन देखने को मिले हैं। उन्होंने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश ने अलग गति और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अनुभव किया है।

