राजनांदगांव। डोंगरगांव क्षेत्र स्थित पथरी गांव निवासी सांवत राम बंजारे ने एक धार्मिक संस्था पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने, जमीन कब्जाने और मानसिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। मंगलवार को राजनांदगांव में आयोजित एक प्रेसवार्ता में पीड़ित ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए उच्च स्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की है।
सांवत राम बंजारे के अनुसार, वर्ष 1996 में उनकी पत्नी की गंभीर बीमारी के इलाज के दौरान उनका संपर्क इंडियन फुल गोस्पल मिशन नामक संस्था से हुआ था। संस्था के पदाधिकारियों ने सहयोग का दावा करते हुए कहा कि उनकी पत्नी प्रभु ईशु की कृपा से ठीक हुई हैं, जिसके बाद उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया गया।
पत्नी को जबरन गौमांस खिलाया
पीड़ित का आरोप है कि संस्था से जुड़े लोगों ने गांव की करीब 10 डिसमिल जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर वहां प्रार्थना भवन का निर्माण करा लिया। उन्होंने यह सनसनीखेज दावा भी किया कि उनकी पत्नी को जबरन गौमांस खिलाया गया। बंजारे के मुताबिक, वर्ष 2021 से जब उन्होंने संस्था की गतिविधियों की पड़ताल शुरू की, तब बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा और जमीन हड़पने के मामले सामने आए।

