रायपुर। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा विधायक धर्मलाल कौशिक से मोबाइल लूटने वाला आरोपी का एक सीनियर कांग्रेस लीडर के घर आना-जाना था। उसके पिता भी कांग्रेस नेता के घर काम करते हैं। लूटा गया मोबाइल विधायक कौशिक को न्यायालय के जरिए वापस मिल गया है। उनका मोबाइल काफी पुराना है। इसमें कई महत्वपूर्ण लोगों के कॉन्टेक्ट नंबर हैं। मोबाइल लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
क्या है मामला
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व भाजपा विधायक कौशिक सोमवार तडक़े 6 बजे अपने बंगले से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले। इस बीच 7.15 बजे पीडब्ल्यूडी आर्चब्रिज के पास पहुंचते ही बाइक सवार युवक मौके पर पहुंचा। झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन भाग गया। शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी मणिकांत ध्रुव को शक्तिनगर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी बलौदाबाजार-भाटापारा का रहने वाला है। उसके पिता लंंबे समय से कांग्रेस के एक पूर्व विधायक के घर काम करते हैं। आरोपी का भी बंगले में कई बार आना-जाना होता था।
वीआईपी ड्यूटी करने वाले जवानों को हिदायत
घटना के बाद मंत्री-विधायकों की सुरक्षा में तैनात वीआईपी बटालियन के सशस्त्र जवानों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। मंत्री-विधायकों के साथ ही चलना है। उल्लेखनीय है कि अगर सुरक्षा गार्ड साथ में होते, तो ऐसी घटना नहीं होती। बीच-बीच में वीआईपी ड्यूटी करने वालों की मीङ्क्षटग भी होती है।

