दुर्ग। दिवाली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई दुकानों की जांच तेज कर दी है। जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अधिकारियों की टीम ने स्मृति नगर स्थित जायका मिठाई और पुलगांव चौक के बालाजी प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। इस दौरान पुरानी और खराब होने की आशंका वाली मिठाइयां मिलने पर करीब 115 किलो सामग्री नष्ट कराई गई। दोनों दुकानों से जांच के लिए नमूने भी एकत्र किए गए हैं।
बालाजी और जायका मिठाई से 115 किलो सामग्री नष्ट
जांच के दौरान बालाजी स्वीट्स से कुंदा और कलाकंद दाना के नमूने लिए गए। इसके साथ ही खराब होने की आशंका के चलते दुकान से करीब 100 किलो पुराना कुंदा नष्ट कराया गया।इसी तरह स्मृति नगर स्थित जायका मिठाई से 15 किलो बासी गुलाब जामुन नष्ट करवाए गए। इस तरह दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 115 किलो मिठाई नष्ट की गई। एकत्र किए गए सभी नमूनों को प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा गया है।
शहर के अन्य प्रतिष्ठानों में भी जांच जारी
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शहर के अन्य मिठाई प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण कर रही है। इनमें सत्यम, जलाराम और तृप्ति जैसे बड़े प्रतिष्ठान शामिल हैं।अधिकारियों के मुताबिक, बालाजी प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक मिलने के कारण नोटिस जारी नहीं किया गया। विभाग का कहना है कि लगातार निरीक्षण और निगरानी के चलते दुकानों में स्वच्छता व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने ग्राहकों को दी सलाह
खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार नेले ने मिठाई खरीदते समय सावधानी बरतने की अपील की है। उनके मुताबिक, ग्राहकों को बहुत अधिक रंग, असामान्य चमक या सिल्वर वर्क वाली मिठाइयां खरीदने से बचना चाहिए।उन्होंने यह भी सलाह दी कि यदि किसी मिठाई से तेज गंध आ रही हो या उसकी गुणवत्ता संदिग्ध लगे, तो उसे न खरीदें। मिठाई की स्थिति और गुणवत्ता की जांच करने के बाद ही खरीदारी करें।त्योहारी सीजन में मिलावट और खराब खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए विभाग का जांच अभियान जारी रहेगा।

