बिलासपुर। दीपावली नजदीक आते ही शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने विशेष योजना तैयार की है। इसके तहत मुख्य बाजारों में वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। साथ ही वन-वे, रूट डायवर्जन और नो-पार्किंग व्यवस्था लागू की जाएगी।
इन इलाकों में भीड़ बढ़ने पर बदले जाएंगे रास्ते
त्योहारी खरीदारी के दौरान सदर बाजार, गोल बाजार, हटरी चौक, शनिचरी बाजार और तेलीपारा रोड पर यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए गांधी चौक, ओल्ड बस स्टैंड, सिम्स और रामसेतु चौक से वाहनों को वैकल्पिक रास्तों पर भेजने की व्यवस्था बनाई गई है।एएसपी रामगोपाल करियारे के मुताबिक, प्रमुख बाजारों और आसपास के रास्तों का निरीक्षण किया गया है। इसके बाद यातायात नियंत्रित करने के लिए नई व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन स्थानों पर मिलेगी पार्किंग की सुविधा
बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की सुविधा को देखते हुए शहर में अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वाहन खड़े करने के लिए कोतवाली चौक मल्टीलेवल पार्किंग, लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान, हैप्पी स्ट्रीट, न्यू रिवर व्यू, बाजपेयी मैदान और लखीराम ऑडिटोरियम के बेसमेंट को निर्धारित किया गया है।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, ताकि बाजारों के आसपास जाम की स्थिति न बने।
पेट्रोलिंग टीम रखेगी यातायात पर नजर
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिस जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा पेट्रोलिंग वाहन लगातार निगरानी करेंगे। ट्रैफिक प्लान में एंबुलेंस, दमकल और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहनों की आवाजाही का भी ध्यान रखा गया है, ताकि आपात स्थिति में किसी तरह की बाधा न आए।
ठेला और गुमटी संचालकों को दी गई हिदायत
मुख्य बाजारों के संकरे रास्तों पर जाम की आशंका को देखते हुए ठेला, गुमटी और फेरी लगाकर सामान बेचने वालों को बाजार क्षेत्र में दुकान नहीं लगाने की हिदायत दी गई है। प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजारों में भीड़ को नियंत्रित करना और खरीदारों के साथ आम नागरिकों की आवाजाही आसान बनाए रखना है।

