बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) की मेजबानी में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बैंड प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। तीन दिन तक चली इस प्रतियोगिता में देशभर से आई टीमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बैंड वादन में पूर्व रेलवे ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि बिगुल प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर रेलवे की टीम विजेता बनी। पाइप बैंड में रेलवे सुरक्षा विशेष बल, नई दिल्ली ने खिताब अपने नाम किया।
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने विजेताओं को दिए पुरस्कार
समापन समारोह में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को पुरस्कार प्रदान किए।इस तीन दिवसीय आयोजन में 12 क्षेत्रीय रेलों, जगजीवन राम रेलवे सुरक्षा बल अकादमी लखनऊ और आरपीएफ की अलग-अलग इकाइयों के कुल 201 जवानों ने हिस्सा लिया।
2 से 4 नवंबर तक बिलासपुर में हुआ आयोजन
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को सौंपी गई थी। रेलवे सुरक्षा बल के बिलासपुर मंडल ने 2 से 4 नवंबर तक इसका आयोजन किया।प्रतियोगिता का उद्घाटन 3 नवंबर को रेलवे एनई इंस्टीट्यूट मैदान में हुआ था। उद्घाटन समारोह में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त मुनव्वर खुर्शीद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
तीनों श्रेणियों में ये टीमें रहीं विजेता
प्रतियोगिता के परिणामों में बैंड वादन श्रेणी में पूर्व रेलवे, कोलकाता ने पहला स्थान प्राप्त किया। रेलवे सुरक्षा विशेष बल, नई दिल्ली दूसरे और दक्षिण मध्य रेलवे, सिकंदराबाद तीसरे स्थान पर रहा।बिगुल प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। जगजीवन राम रेलवे सुरक्षा बल अकादमी, लखनऊ दूसरे और पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर तीसरे स्थान पर रहा।वहीं पाइप बैंड प्रतियोगिता में रेलवे सुरक्षा विशेष बल, नई दिल्ली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
मार्च पास्ट और बैंड की धुनों ने बांधा समां
समापन समारोह के दौरान विभिन्न टीमों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। बैंड की धुनों के साथ जवानों ने अपनी वादन कला, अनुशासन, आपसी तालमेल और टीम भावना का प्रदर्शन किया। अलग-अलग क्षेत्रीय रेलवे से पहुंची टीमों की प्रस्तुतियों को अतिथियों और दर्शकों ने सराहा।महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल के सदस्यों को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। वहीं महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त मुनव्वर खुर्शीद ने महाप्रबंधक को स्मृति चिह्न भेंट किया।
रेलवे और पुलिस प्रशासन के अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप महानिरीक्षक सह मुख्य सुरक्षा आयुक्त, मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त सौरव कुमार सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा स्थानीय पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों तथा रायपुर और नागपुर मंडल के अधिकारियों की भी उपस्थिति रही।

