भोपाल। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी वरुण कुमार से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या के पीछे अधिकारी के कथित रूखे व्यवहार और बातचीत के तरीके को वजह बताया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के मन में पहले से नाराजगी और रंजिश थी। हालांकि, उसके बयानों की जांच की जा रही है।
आरोपी ने कहा- भागता नहीं तो अपराधी कैसे बनता
रातीबड़ पुलिस ने पूछताछ के दौरान वरुण से सवाल किया कि वारदात के बाद वह मौके से क्यों भागा था। इस पर आरोपी ने कथित तौर पर जवाब दिया कि यदि वह तुरंत पकड़ा जाता तो कोई उसे जान नहीं पाता। उसने यह भी कहा कि अगर वह भागता नहीं तो अपराधी कैसे बनता।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के मन में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी के प्रति पहले से कुंठा और नाराजगी थी। पुलिस इसी रंजिश को हत्या की वजह मानकर जांच कर रही है।
पैर दबाने के दौरान कही गई बात से नाराज था आरोपी
पूछताछ में वरुण कुमार ने आरोप लगाया कि राकेश अग्रवाल का बातचीत करने का तरीका ठीक नहीं था। आरोपी के मुताबिक, जब वह पूर्व आईएएस अधिकारी के पैर दबाता था, तब वे उसके हाथों की तुलना महिलाओं के हाथों से करते थे।वरुण ने पुलिस को बताया कि इस तरह की टिप्पणियों से उसे गुस्सा आता था। घर में काम करने वाले अन्य कर्मचारियों ने भी आरोपी के गुस्से का जिक्र किया है। हालांकि, ये बातें फिलहाल आरोपी के बयान के रूप में सामने आई हैं।
शॉर्ट एनकाउंटर में पैर में लगी थी चोट
हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी वरुण कुमार का शॉर्ट एनकाउंटर किया था। इस दौरान उसके पैर में चोट आई, जिसके बाद उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का बयान दर्ज किया जा चुका है।
स्वास्थ्य में सुधार के बाद होगा सीन रीक्रिएशन
पुलिस ने बताया कि आरोपी के स्वस्थ होने के बाद घटनास्थल पर वारदात का सीन रीक्रिएट कराया जाएगा। इससे हत्या से जुड़ी परिस्थितियों और घटनाक्रम को समझने में मदद मिलेगी।पूछताछ के दौरान आरोपी ने जेल जाने के डर से भी इनकार किया। उसने अपने पारिवारिक हालात का जिक्र करते हुए कहा कि उसकी पत्नी उसे छोड़ चुकी है और पिता ने तीसरी शादी कर ली है। आरोपी के मुताबिक, जब उसका अपना कोई नहीं है तो उसे डर किस बात का है।फिलहाल पुलिस आरोपी के बयानों, घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

